राहगीरों को आने-जाने में उठानी पड़ी परेशानी
सरकार के कृषि बिलों से बर्बाद हो जाएगा किसान
बागपत। विपुल जैन
भारत बंद के दौरान भारतीय किसान यूनियन ने मीतली चौराहे पर जाम लगा दिया, जिससे राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भारतीय किसान यूनियन के बागपत ब्लाॅक अध्यक्ष ठाकुर तेजपाल सिंह के नेतृत्व में काफी संख्या में किसान मीतली चौराहे पर पहुंचे और उन्होंने सड़क के बीचो-बीच ट्रैक्टर- ट्राली खड़ी कर सड़क को अवरूद्ध कर दिया। उन्होंने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाये। इस मौके पर ठाकुर तेजपाल सिंह ने भारत बंद का समर्थन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है। जिस किसान के लिये केन्द्र सरकार ने कानून बनाये, उस किसान से पूछा तक नही गया। केन्द्र सरकार को इन कृषि कानूनों को वापस लेकर किसानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए। जिस प्रकार सरकार बिना सलाह किये एक तरफा कानून पास कर रही है, इससे लगता है कि देश में हिटलर का राज चल रहा है। इस तरह तो ना सिर्फ किसान बल्कि देश तक बर्बाद हो जायेगा। वर्तमान कृषि कानूनों से सिर्फ पूंजीपतियों को लाभ होगा और किसानो को इन कानूनों से भारी नुकसान होगा। कहा कि वह पूरी तरह केन्द्र सरकार द्वारा लाये गये इन किसान विरोधी कानूनों का विरोध करते है।

If you have any doubts, please let me know