बागपत। विपुल जैन
समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव रिफाकत अली ने कहा कि जनता भाजपा की सरकार से ऊब चुकी है, क्योंकि भाजपा ने चुनाव के वक्त जनता से जो वायदे किए थे, वह उसमें से एक भी वायदे पर खरा नहीं उतरी। कहा कि भाजपा अब अल्प समय की मेहमान है और उसके बाद सपा प्रदेश में अपना झंडा बुलंद करेगी।
रिफाकत अली ने कहा कि आज भाजपा की सरकार में किसान, मजदूर व व्यापारी सभी लोग परेशान हैं। किसानों के गन्ने का भुगतान आज तक नहीं हो पाया और न ही उन्हें उनकी उपज का सही मूल्य मिल पाया है। अपने हक व अधिकार मांगने पर उनके ऊपर लाठियां बरसाई जा रही है। उन्हें बेइज्जत किया जा रहा है। मजदूर तक किसी भी योजना का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है। सभी योजनाएं सिर्फ कागजों पर चल रही है। व्यापारियों के साथ किस तरह जुर्म ढहाये जा रहे हैं, यह सबके सामने है।
मेरठ में अमन जैन नामक सर्राफा व्यापारी की लूट के बाद हत्या कर दी गई। इसके अलावा आए दिन व्यापारियों से रंगदारी व उनके साथ लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश में पूरी तरह जंगलराज कायम है और बदमाशों के हौसले बुलंद है। वह दिन में भी लूट, चोरी, डकैती व बलात्कार आदि की घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। जनता दहशत के साये में जीवन यापन कर रही है। कहा कि यदि प्रदेश की जनता इन सब चीजों से छुटकारा पाना चाहती है तो वह समाजवादी पार्टी का समर्थन करें और माननीय अखिलेश यादव को प्रदेश का दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लें।

If you have any doubts, please let me know