बागपत। विपुल जैन
इंडियन पब्लिक सर्विस एम्पलाइज फेडरेशन के आह्वान पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश जनपद शाखा बागपत द्वारा बागपत कलक्ट्रेट में धरना दिया गया। इस दौरान राज्य कर्मचारियों ने डीएम को देश के प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मांगों को पूरा करने की मांग की।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद बागपत के सचिव मुकेश कुमार शर्मा ने नई पेंशन योजना को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने निजीकरण, आउटसोर्सिंग एवं ठेकेदारी व्यवस्था पूरी तरह समाप्त करने की मांग की। साथ ही कहा कि उक्त व्यवस्थाओं के तहत कार्यरत कर्मियों को समायोजित किया जाए तथा रिक्त पदों के सापेक्ष नियमित नियुक्तियां की जाए। इसके अलावा संविदा, आउटसोर्सिंग व अन्य माध्यमों से कार्यरत कर्मियों को समान कार्य का समान वेतन निर्धारित किया जाए। ऐसे संवर्ग जिनमें छठे वेतन आयोग की वेतन विसंगतियां अभी भी व्याप्त हैं, उन्हें दूर कर मदनुसार सातवें आयोग का लाभ प्रदान किया जाए। इसके अतिरिक्त राज्य कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों की भांति समस्त भत्तों की समानता प्रदान की जाए। फिल्ड कर्मचारियों को वाहन भत्ता दिया जाए तथा सभी संवर्गो को प्राप्त हो रहे भत्तों का पुनरीक्षण किया जाए। इसके अलावा राज्य संयुक्त कर्मचारी परिषद के मंडल अध्यक्ष रविकांत व संयोजक मुकेश गिरी ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर अध्यक्ष ओमवीर मलिक, संजीव शर्मा, केएल भारती, सुशील कुमार, वीरेंद्र, विवेक, जीडी मेहता, मोहित त्यागी, हारून, बृजेश, अरुण शर्मा, दिनेश, अनिल, महेंद्र, राजकुमार, संदीप, आशु चौधरी, रोहन, मोहित, संजय तथा बेसिक हेल्थ वर्कर अध्यक्ष कुंवर पाल सिंह उपस्थित थे।


If you have any doubts, please let me know