बागपत। विपुल जैन
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी कस्बा सिवाल में सड़क दुर्घटना में मारे गए अशरफ अली चौहान के दफीने में शामिल हुए।
उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। सड़क हादसे में घायल अशरफ कई दिनों से गंभीर अवस्था मे सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे, जिन्होंने शुक्रवार की सुबह दम तोड़ दिया। इसके बाद अमित जानी सिसोला कलां में लुकमान अली के घर पहुंचे, वहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ बैठक की। इसके अलावा वह ग्राम कलंजरी में सड़क दुर्घटना में घायल कपिल सांगवान से मिलने भी गए। इसके अतिरिक्त वह रोहटा ब्लॉक के सिंघावली में भी सड़क हादसे में मारे गए समीर खान के घर पहुंचे और वहां जाकर मृतक के परिजनों को 50 हजार की आर्थिक सहायता दी। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अमित जानी ने कहा कि इस बार सरकार ने गढ़ के गंगा मेले की अनुमति न देकर हिन्दू धार्मिक भावनाओं पर प्रहार किया है। हिंदुत्व के नाम पर वोट लेने वाले, गंगा को मां कहने वाले, गंगा मेले को प्रतिबंधित कर देंगे, ऐसी कल्पना भी किसी ने नही की थी। उन्होंने सवाल किया कि बिहार चुनाव में क्या कोरोना नागपुर संघ मुख्यालय में छिप के बैठ गया था जो अब गंगा मेले के नाम पे फिर बाहर निकल गया है? जब कुम्भ को अनुमति है , छठ पूजा की अनुमति है तो गंगा स्नान की क्यों नही? अमित जानी ने कहा कि वेस्ट यूपी विशेषकर मेरठ मंडल के किसानों के लिए गंगा मेले का बहुत महत्व है। सरकार हमारी भावनाओ को रौंद रही है, जो बर्दास्त नही किया जाएगा।

If you have any doubts, please let me know