रंगीन रोशनी से जगमगा उठा आकाश
घरों में गई माता लक्ष्मी व गणेश जी की पूजा-अर्चना
बागपत। विपुल जैन
जिलेभर में दीपावली का पर्व परम्परागत तरीके के साथ बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घरों में माता लक्ष्मी एवं गणेश जी की पूजा-अर्चना की गई और उन्हें खील-बताशों का भोग लगाया गया।
हालाकि इस बार पटाखे छुड़ाने पर पाबंदी थी, लेकिन उसके बावजूद भी बच्चों ने जमकर बम-पटाखे छुड़ाए, जिससे आकाश आतिशबाजी की रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाईयां बांटी और दीपावली की बधाईयां दी। घिटौरा गांव में भाजपा वरिष्ठ नेता देवेन्द्र प्रमुख ने अपने अपने आवास पर परम्परागत रीति-रिवाजों के अनुसार दीपावली का पूजन किया। दीपावली पर सुबह से ही लोग अपने घरों की साफ-सफाई करने में जुट गये थे। उन्होंने घरों व दुकानों को बिजली की झालरों, कलेण्डरों व अन्य शौपीस आइटमों से सजाया। शाम के समय लोगों ने घरों में माता लक्ष्मी व गणेश जी के दरबार सजाए और उनकी विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्हें खील-बताशों का भोग लगाया और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। घरों में दीये व मोमबत्ती जलाई गई। पूजा उपरांत लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर प्रसाद वितरित किया और दीपावली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान मंदिरों को भी साफ-सफाई कर चमकाया गया था। मंदिर झालरों की रंगीन रोशनी से नहाये हुए थे, जिसकी रौनक रात को देखते ही बनती थी।

If you have any doubts, please let me know