व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर की शिकायत
बागपत। विपुल जैन
व्यापारी एसोसिएशन बड़ौत के अध्यक्ष अंकुर जैन ने गुरूवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजा और उनसे बड़ौत सीओ की शिकायत की।
अंकुर जैन ने बताया कि दीपावली के दिन बड़ौत सीओ ने व्यापारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और गैर कानूनी तरीके से व्यापारियों के पटाखे ले गये। कहा कि शासन द्वारा अचानक आतिशबाजी बेचने व छुड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन इससे पूर्व ही दीपावली पर्व पर परम्परा अनुसार कुछ व्यापारी पटाखे खरीद लाये थे, जिसके पक्के बिल व्यापारियों के पास मौजूद है। बताया कि गत 14 नवम्बर को सीओ बड़ौत के नेतृत्व में कुछ पुलिस कर्मी जबरन अपनी गाड़ियों में व्यापारियों के लाखों रूपये के पटाखे भरकर ले गये। बताया कि वह स्वयं 15 नवम्बर की रात को तकरीबन नौ बजे दीपावली के बाद अपने माल का स्टाॅक चैक कर उसे शिफ्ट कर रहे थे और बड़ौत सीओ आये और अपनी सरकारी गाड़ी में लाखों रूपये के पटाखे भरकर ले गये। काफी पटाखों को पानी डालकर नष्ट करा दिया गया। इससे व्यापारियों को लाखों रूपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने मुख्यमंत्री से उक्त मामले की निष्पक्ष जांच कराकर बड़ौत सीओ के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की।

If you have any doubts, please let me know