भैयादूज पर की भाईयों की दीर्घायु की कामना | NMPK Media @Baghpat

0
पारम्परिक श्रद्धा व उल्लास के साथ मना भैयादूज का पर्व
बाजार में दिनभर लगी रही खरीदारों की चहल-पहल

बागपत। विपुल जैन
जिलेभर में सोमवार को भैयादूज का पर्व पारम्परिक श्रद्धा व उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बहनों ने अपने भाईयों के मस्तिष्क पर तिलक किया और उनकी दीर्घायु होने की कामना की।
फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है, सारी उम्र हमें संग रहना है, जी हां, यह गीत भाई-बहन के प्यार का प्रतीक है और अक्सर भैयादूज पर इसकी याद दिला देता है। सोमवार को भैयादूज का पर्व था। इस मौके पर बहनों ने अपने भाईयों के माथे पर रोली-चावल का तिलक किया और उनकी लम्बी आयु होने की कामना की। बहनों ने भाईयों को नारियल भेंट किये और उनका मुंह मीठा कराया। भाईयों ने भी परम्परा अनुसार अपनी बहनों को रूपये दिये। भैयादूज को लेकर सुबह ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। बहनों ने यहां से रोली-चावल, कलावे, नारियल व अन्य पूजन के सामान खरीदे। डेकोरेटिड रोली-चावल व फैंसी थाली को खरीदने के लिए बहनों में होड़ मची रही। फलों की काफी बिक्री हुई। सौन्दर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाओं की काफी भीड़ देखी गई। यहां से महिलाओं ने नेलपालिश, मेहंदी, बिंदी, काजल, चूड़ियां आदि सामानों की खरीदारी की। ब्यूटी पार्लर पर मेहंदी रचवाने के लिए महिलाओं का आना-जाना लगा रहा। पूरे दिन बाजार में चहल-पहल रही। जो बाजार शाम ढलते ही बंद हो जाया करते थे, उन बाजारों में देर रात तक रौनक छाई रही। सुरक्षा की दृष्टि से बाजार में कई स्थानों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

If you have any doubts, please let me know

एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top