7 दिसम्बर को सिंधु बार्डर के लिए कूच करेंगे बागपत के किसान
-वर्तमान कृषि कानूनों को किसान हित में वापस ले केन्द्र सरकार
बागपत। विपुल जैन
अखिल भारतीय यादव महासभा के दिल्ली युवा प्रदेश अध्यक्ष एवं वार्ड नम्बर-21 के जिला पंचायत सदस्य दीपक यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार साजिश के तहत कृषि क्षेत्र को पूंजीपतियों और काॅरपोरेट घरानों के हाथों में देने की तैयारी कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
दीपक यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार को कृषि कानूनों को लाने से पहले किसानों से बात करनी चाहिये थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नही किया। वर्तमान में जो कृषि कानून केंद्र सरकार ने पास किया है, वह किसी भी प्रकार से किसानों के हित में नही है। जिस कारण किसान अपने घरों को छोड़कर सड़को पर उतरने को मजबूर है, लेकिन सरकार पूंजीपतियों के आगे नतमस्तक नजर आ रही है और देश के अन्नदाता को अपने हक की लड़ाई के लिये विभिन्न प्रकार के कष्ट उठाने पड़ रहे है। कहा कि वह आगामी 7 दिसम्बर को सौ ट्रैक्टरों के लम्बे काफिले के साथ किसानों को अपना समर्थन देने के लिए सिंधु बार्डर के लिए कूच करेंगे। यहां पर किसानों के लंगर की व्यवस्था उनकी तरह से होगी और वह किसानों को ठंड से बचाने के लिए कम्बलों का भी वितरण करेंगे। साथ ही कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांगे नहीं मानी तो यादव महासभा व किसान मिलकर आगामी 8 दिसम्बर को भारत बंद तथा जगह-जगह चक्का जाम करेंगे। बताया कि इसका असर पसौड़ा स्थित हवाई पट्टी पर भी पड़ेगा। उन्होंने दिल्ली में सप्लाई होने वाली पानी की पाइप लाइन तोड़ने व बिजली काटने की भी चेतावनी दी।

If you have any doubts, please let me know