बागपत। विपुल जैन
रालोद के पश्चिम उत्तर प्रदेश महासचिव ओमवीर ढाका ने कहा कि 14 दिसंबर यानी आज सुबह 11 बजे रालोद कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ता केंद्र की भाजपा सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए हवन करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज किसान कृषि बिलों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इसमें अभी तक 11 किसान शहीद हो चुके हैं, लेकिन सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जो तीन कृषि बिल बनाए हैं, वह पूरी तरह किसान विरोधी है। ये काले कानून सिर्फ चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाए गए हैं और इससे किसानों को कोई लाभ होने वाला नहीं है। कहा कि इन कानून के बनने से किसान पूरी तरह पूंजीपतियों का गुलाम होकर रह जाएगा। रालोद के संस्थापक एवं किसान मसीहा व देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने सबसे पहले उत्तर प्रदेश में किसान शब्द की उत्पत्ति की थी और अंग्रेजों द्वारा किसान विरोधी अनेकों कानून को रद्द कराया था। आज फिर केंद्र सरकार वही अंग्रेजी कानून किसानों पर जबरदस्ती थोपना चाहती है, जिसे रालोद कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। बताया कि हवन के बाद रालोद कार्यकर्ता कृषि कानून के विरोध में दिल्ली के लिए कूच करेंगे। इस मौके पर कृष्णपाल गुरुजी, योगेंद्र, भंवर सिंह, अमित, अनिरुद्ध शर्मा, विक्रम सिंह, सत्येंद्र, सचिन पंडित, वीरेंद्र पंवार आदि थे।

If you have any doubts, please let me know